राहुल गांधी की सभा में कांग्रेस ताकत दिखायेगी। कांग्रेस ने सभा में करीब 5 लाख से अधिक लोगों को लाने का लक्ष्य रखा है। ग्वालियर चंबल और निमाड़ से भीड़ जुटाने में कांग्रेस का ज्यादा फोकस रहेगा। पूर्व मंत्रियों और विधायकों को भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया है। टिकिट दावेदारों के लिए अग्निपरीक्षा होगी। राहुल गांधी 30 सितम्बर को एमपी दौरे पर रहेंगे। कालापीपल में सभा को संबोधित करेंगे और जनआक्रोश यात्रा में भी शामिल होंगे।
काला पीपल में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे
मध्यप्रदेश में नवंबर के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जहां बीजेपी के दिग्गज नेता प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ जनसभाएं कर रहे हैं तो वहीं कांग्रेस भी अब इसी दिशा में आगे बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में 30 सितंबर को राहुल गांधी मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे शाजापुर के काला पीपल में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। बता दें, मध्यप्रदेश में प्रियंका गांधी ने 12 जून को चुनावी शंखनाद किया था, उसके बाद अब राहुल गांधी आ रहे हैं। यहां पूर्व मंत्री और चुनाव अभियान समिति के सह अध्यक्ष जीतू पटवारी जन आक्रोश यात्रा लेकर पहुंचेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।
शाजापुर जिले के कालापीपल आ रहे
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 30 सितंबर को शाजापुर जिले के कालापीपल आ रहे हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन राजीव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी का विधानसभा चुनाव से पूर्व मध्य प्रदेश का यह पहला बड़ा दौरा कार्यक्रम है। राजीव सिंह ने बताया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा को मध्य प्रदेश में जनता का ऐतिहासिक और अभूतपूर्व स्नेह मिला था. राहुल गांधी का शाजापुर दौरा मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए निर्णायक साबित होगा।
Comments (0)