केंद्रीय मंत्री और मप्र में बीजेपी चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर का बड़ा बयान सामने आया है। विपक्ष की बैठक के सवाल पर उन्होंने कहा कि, विपक्षियों का गठबंधन नहीं, ठगबंधन है। जनता को गुमराह करने वाला है, जिस गठबंधन का कोई बेस नहीं होता, कोई मुद्दा नहीं होता, ये मोदी जी की लोकप्रियता से घबराकर एक डाल पर बैठने की कोशिश कर रहे हैं। जो डाल चुनाव आते-आते गिर जायेगी।
पटवारी भर्ती परीक्षा पर दिया बयान
वही एमपी में पटवारी भर्ती परीक्षा में धांधली के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि, इन मामलों में जो भी होगा, क़ानून अपना काम करेगा। वहीं कूनो में चीतों की हो रही मौत पर भी बीजेपी नेता नरेंद्र सिंह तोमर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है उन्होंने कहा कि, चीता परियोजना अपने क्षेत्र के लिए बहुत ही महत्वाकांक्षीं और प्रतिष्ठित परियोजना है। चीता सेंचुरी के कारण क्षेत्र में पर्यटन उद्योग बढ़ने वाला है। स्वाभाविक रूप से कई बार परिस्थितियां ऐसी रहती हैं, जिसके कारण नए प्राणी को जलवायु शूट नहीं करता, जिस कारण दिक्क्त होती है। वन विभाग के लोगों के संज्ञान में है और जो प्रयत्न किया जा सकता है, वो वन विभाग कर रहा है।
प्रियंका गांधी के ग्वालियर दौरे पर किया कटाक्ष
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के ग्वालियर दौरे के सवाल पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने तंज भरे अंदाज में कहा कि, प्रियंका गांधी पहले भी कांग्रेस में थीं। तब भी हम लोग कांग्रेस को परास्त कर चुके हैं, इसलिए यहां पर उनके आगमन से कुछ भी होने वाला नहीं है। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार फिर से स्पष्ट बहुमत लेकर बनेगी। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि, चंबल में अप्रत्याशित परिवर्तन होगा। अधिकांश सीटों पर भाजपा जीतेगी।
Comments (0)