मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को बड़वानी और धार से मध्यप्रदेश में विकास पर्व का शुभारंभ करेंगे। 14 अगस्त तक पूरे प्रदेश में विकास पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमि-पूजन होगा। साथ ही जन-सेवा यात्राएं, जन-संवाद, हितग्राही सम्मेलन होंगे। विकास पर्व के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश भर का दौरा कर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और कई स्थानों पर रात्रि विश्राम करेंगे।
14 अगस्त तक होंगे कार्यक्रम
मुख्यमंत्री रोड शो भी करेंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में वीडियो कांफ्रेंसिंग से विकास पर्व की तैयारियों की समीक्षा की और तैयारियों के संबंध में जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास पर्व का उद्देश्य विभिन्न निर्माण कार्यों, विकास गतिविधियों और सभी शासकीय योजनाओं का प्रत्येक पात्र हितग्राही तक लाभ पहुंचाना है। संबंधित मंत्री भी वीसी के माध्यम से उपस्थित रहे।
25 जुलाई से मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के संयोजन में संत रविदास यात्रा निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सागर जिले में 102 करोड़ की लागत से संत रविदास मंदिर के निर्माण का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाना है। मुख्यमंत्री ने विकास पर्व के लोगो का विमोचन भी किया।
विकास पर्व के दौरान विभिन्न योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री भू-अधिकार, दीनदयाल रसोई, मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन, जल-जीवन मिशन, स्वामित्व योजना, संबल, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना, मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी आदि योजनाओं और महिला सशक्तीकरण, युवा कल्याण, स्व-रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुशासन संबंधी योजनाओं के हितग्राही सम्मेलन किए जाएंगे। पर्व अवधि में सभी जिलों में मंत्री, सांसद, विधायक तथा स्थानीय जन-प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिला, तहसील, विकासखंड स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे। सीएम हेल्पलाइन पर विकास पर्व के लिए तैयार किए गए पोर्टल पर सभी कार्यक्रमों की तिथिवार जानकारी अपलोड होगी। होने वाले सभी भूमि-पूजन, लोकार्पण का पूरा विवरण पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।
17 को शाजापुर के ग्राम गुलाना से स्कूल चलें हम का शुभारंभ
मुख्यमंत्री 17 जुलाई को शाजापुर जिले के ग्राम गुलाना से स्कूल चलें हम अभियान-2023-24 का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम सीएम राइज स्कूल गुलाना के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण के साथ होगा। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम से प्रदेश की सभी शालाएं, अभिभावक-शिक्षक संघ वर्चुअली जुड़ेंगे।
अभियान को जन-आंदोलन में बदलने के लिए 17 से 19 जुलाई तक सभी शासकीय शालाओं में भविष्य से भेंट कार्यक्रम भी होंगे। इसके अलावा 20 जुलाई को प्रदेश के 78 हजार विद्यार्थियों को लैपटाप वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम में कक्षा नौवीं से 12वीं के विद्यार्थी शामिल होंगे।
भोपाल के भेल क्षेत्र में स्थित शासकीय महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सीएम राइज विद्यालय के भूमि-पूजन कार्यक्रम के साथ प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान विद्यार्थियों के बैंक खातों में लैपटाप की 25 हजार रुपये की राशि का अंतरण करेंगे। कार्यक्रम का पूरे प्रदेश में प्रसारण होगा।
विकास पर्व के दौरान होने वाले प्रमुख लोकार्पण एवं भूमि-पूजन
बीना रिफायनरी का विस्तार और केन-बेतवा लिंक योजना का भूमि-पूजन, शिलान्यास
7245 करोड़ की 15 सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण
36348 करोड़ की 13 सिंचाई परियोजनाओं का भूमि-पूजन
83 सीएम राइज स्कूलों का शुभारंभ
नव स्वीकृत मेडिकल कालेजों का भूमि-भूजन
राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्ग एवं सड़क निर्माण के 21900 करोड रुपये से अधिक की लागत के 1207 कार्यों का भूमि-पूजन
अमृत 2.0 अंतर्गत शहरी पेयजल परियोजनाओं 3000 करोड़ की राशि के कार्य
प्रधानमंत्री आवास योजना के लगभग चार लाख हितग्राहियों का गृह प्रवेश
10 नवीन महाविद्यालयों का भूमि-पूजन
जल जीवन मिशन की 28 हजार 471 करोड़ की 15450 समूह पेयजल परियोजनाओं का भूमि-पूजन
Comments (0)