मध्य प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को और रफ्तार देने के लिए मोहन सरकार ने एक और फैसला किया है। अब मध्य प्रदेश में बाजार 24 घंटे खुले रहेंगे। राज्य सरकार की तरफ से इस फैसले को मंजूरी दे दी गई है। 24 घंटे बाजार खोलने की शुरुआत राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के 16 नगर निगमों से होगी। जहां रात के वक्त भी होटल, मॉल्स, रिसॉर्ट, ऑफिस खुल रहेंगे. इसके अलावा कंस्ट्रक्शन साइट भी 24 घंटे खुली रहेंगी।
ओवरटाइम का पैसा मिलेगा
सीएम डॉ मोहन यादव ने मंत्रियों के साथ चर्चा के बाद 24 घंटे बाजार खोलने वाले फैसले पर सहमति जता दी है। मध्य प्रदेश देश का सातवां ऐसा राज्य होगा जहां 24 घंटे बाजार खुले रहेंगे। इससे पहले महाराष्ट्र, हरियाणा, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और तेलंगाना में 24 घंटे बाजार खुल रहते हैं। इसके अलावा दिल्ली में भी बाजार रात में भी खुले रहते हैं। मोहन सरकार ने स्पष्ट किया है कि मप्र दुकान तथा स्थापना अधिनियम 1958 के सेक्शन 9 कर्मचारियों का ध्यान रखते हुए ही यह फैसला किया गया है। यानि कही भी किसी जगह पर कर्मचारी से ज्यादा काम नहीं लिया जाएगा। अगर कही ज्यादा काम कराया भी जाता है तो उसे ओवरटाइम का पैसा मिलेगा।
अर्थव्यवस्था को बढ़ाने के लिए फैसला
यह फैसला अर्थव्यवस्था और तेज गति देने के लिए लिया गया है। अभी बाजार रात में 12 बजे तक पूरी तरह से बंद हो जाते हैं, लेकिन अब 24 घंटे बाजार खुल रहने से अर्थव्यवस्था में तेजी आने की उम्मीद रहेगी, क्योंकि लोगों को रात में आसानी से सामान मिलेगा। अगर बाजार रात में भी खुलेंगे तो सरकार को भी अतिरिक्त कर मिलेगा। फिलहाल मध्य प्रदेश में साल 2024 में जीएसटी कलेक्शन में 30 प्रतिशत की ग्रोथ है। जबकि अब बाजार 24 घंटे खुलेंगे तो इसमें और भी ग्रोथ आने की उम्मीद रहेगी।
Comments (0)