रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर थाना क्षेत्र के भरेंगाभाटा गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक का शव जमीन में गड़ा हुआ मिला है। शव का एक हाथ और एक पैर जमीन के बाहर नजर आने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में जमीन खोदकर शव को बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया गया था।
शव की पहचान हाथ में बने टैटू के आधार पर नितेश बत्रा, निवासी शददानी दरबार के रूप में की गई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Comments (0)