राजधानी रायपुर में नाबालिगों के वाहन चलाने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। रायपुर उत्तर के डीसीपी मयंक गुर्जर ने मामले का खुद संज्ञान लेते हुए नाबालिग बच्चों के परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
दरअसल भनपूरी रोड पर चार नाबालिग एक ही बाइक पर सवार होकर सड़क पर गाड़ी चला रहे थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच के बाद संबंधित बच्चों के परिवार वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति देने के मामले में परिजनों की जिम्मेदारी तय करते हुए एफआईआर दर्ज की गई है।
इस मामले में डीसीपी मयंक गुर्जर ने लोगों से अपील भी की है कि जिन बच्चों के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है, उन्हें वाहन चलाने के लिए न दें। नाबालिगों को गाड़ी देने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है।