भोपाल |अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के मीडिया विभाग द्वारा चलाए जा रहे टैलेंट हंट प्रोग्राम के तहत मध्यप्रदेश में इंटरव्यू प्रक्रिया 24 मार्च से शुरू होने जा रही है। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की जाएगी। इस टैलेंट हंट के अंतर्गत इंटरव्यू प्रदेश के पांच प्रमुख जोन-भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और इंदौर में आयोजित किए जाएंगे।
पहले चरण में इन तारीखों पर होंगे इंटरव्यू
पहले चरण के इंटरव्यू कार्यक्रम की शुरुआत 24 मार्च से होगी। इस दिन ग्वालियर मुख्यालय स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में सुबह 10 बजे से ग्वालियर-चंबल संभाग के अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए जाएंगे। इसके बाद 25 मार्च को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में सुबह 10 बजे से भोपाल संभाग के आवेदकों के इंटरव्यू आयोजित होंगे। वहीं 26 मार्च को नर्मदापुरम और सागर संभाग के शेष उम्मीदवारों के साक्षात्कार भी भोपाल कार्यालय में ही लिए जाएंगे।
दूसरे चरण की तारीखें जल्द होंगी घोषित
दूसरे चरण के अंतर्गत रीवा और जबलपुर मुख्यालय में आयोजित होने वाले इंटरव्यू की तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी। इसके लिए अलग से कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
प्रतिभाशाली युवाओं की खोज का प्रयास
मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विचारशील, ऊर्जावान और प्रभावी वक्ताओं के साथ-साथ शोध और पब्लिसिटी से जुड़े प्रतिभाशाली युवाओं को मंच देना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में गुणवत्तापूर्ण आवेदन प्राप्त हुए हैं और उम्मीद है कि इस प्रक्रिया के बाद संगठन को मजबूत मीडिया टीम के रूप में सक्षम और दक्ष कार्यकर्ता मिलेंगे।
प्रतिभागियों से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने सभी चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में निर्धारित स्थान और समय पर पहुंचकर इंटरव्यू प्रक्रिया में भाग लें।
Comments (0)