रायपुर। राजधानी रायपुर में एम्स में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 25 वर्षीय युवती से 6 लाख रुपये की ठगी, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कवर्धा निवासी आरोपी रितेश चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी पहचान
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए युवती से संपर्क किया और खुद को All India Institute of Medical Sciences Raipur में कार्यरत बताया। विश्वास जीतने के बाद उसने युवती को एम्स में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।
फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर वसूले 6 लाख
आरोप है कि आरोपी ने युवती से 6 लाख रुपये लिए और उसे फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी थमा दिया। युवती ने नौकरी की उम्मीद में कर्ज लेकर यह रकम आरोपी को दी थी।
होटल में बुलाकर दुष्कर्म, बनाया आपत्तिजनक वीडियो
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे आमानाका स्थित एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा।
शिकायत के बाद गिरफ्तारी
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कवर्धा से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ ठगी, दुष्कर्म और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।