बलौदाबाजार में सुबह तहसील कार्यालय में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में लपटें तहसील परिसर के कई हिस्सों तक फैल गईं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार आग तहसील परिसर में स्थित एसडीओपी कार्यालय की पुरानी बिल्डिंग से शुरू हुई। देखते ही देखते आग तहसीलदार कार्यालय की ओर बढ़ गई, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। सुबह का समय होने के कारण कार्यालय में ज्यादा कर्मचारी मौजूद नहीं थे। घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी और कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे।
प्रशासन ने सबसे पहले तहसील कार्यालय के महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और दस्तावेजों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। कर्मचारी और अधिकारी मिलकर रिकॉर्ड रूम से फाइलें और दस्तावेज निकालते नजर आए, ताकि किसी भी सरकारी रिकॉर्ड को नुकसान न पहुंचे।
मौके पर दमकल की कई गाड़ियां
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास करने के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
Comments (0)