जगदलपुर में पहली बार एक भव्य और अनूठा आयोजन होने जा रहा है। ‘बस्तर राइडर्स मीट 2026’ का आयोजन गरुड़ा द राइडर्स क्लब द्वारा 4 अप्रैल 2026 को किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से बाइक राइडर्स और राइडिंग के शौकीन बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
यह आयोजन न केवल बाइक प्रेमियों के लिए एक खास मंच होगा, बल्कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति, खानपान और पारंपरिक वेशभूषा को भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करेगा। कार्यक्रम के दौरान राइडर्स बस्तर के प्राकृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे और यहां की खूबसूरती का अनुभव करेंगे।
गरुड़ा बाइक क्लब द्वारा जिले के विभिन्न विभागों के साथ समन्वय कर ‘बस्तर दर्शन’ की विशेष योजना तैयार की गई है, जिससे प्रतिभागियों को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। साथ ही, राइडर्स यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश भी देंगे।
कार्यक्रम में बाइक शो और प्रदर्शनी के साथ-साथ रोमांचक राइडिंग शो का आयोजन होगा, जिसमें कुशल राइडर्स अपने स्टंट और परफॉर्मेंस का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ मॉडिफाइड बाइक, सर्वश्रेष्ठ विंटेज बाइक और सर्वश्रेष्ठ सुपरबाइक के लिए पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
इस आयोजन की एक खास झलक ‘बस्तर टैलेंट शोकेस’ होगी, जिसमें स्थानीय कलाकार, संगीतकार और अन्य प्रतिभाएं अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगी। वहीं, सांस्कृतिक फूड फेस्टिवल में बस्तर के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी लोगों को मिलेगा।
‘बस्तर राइडर्स मीट 2026’ न केवल बाइक उत्साही लोगों का मिलन स्थल बनेगा, बल्कि बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी साबित होगा।
Comments (0)