मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में भीलवाड़ा के ‘द ऑरियम रिसॉर्ट्स एंड इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर’ में आयोजित ‘मध्यप्रदेश में निवेश संभावनाओं पर इंटरैक्टिव सेशन’ शामिल होंगे। इंटरैक्टिव सेशन का आयोजन 26 फरवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक किया जाएगा। आयोजन ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश’ पहल के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसमें उद्योग जगत के प्रतिनिधि, प्रमुख औद्योगिक समूह और निवेशक भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन संवाद
इंटरैक्टिव सेशन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निवेशकों को संबोधित करेंगे। वे राज्य की औद्योगिक नीतियों, निवेश-अनुकूल वातावरण तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे। आयोजन में औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन तथा एमएसएमई विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह मध्यप्रदेश में निवेश संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति देंगे। सेशन में एलएनजे भीलवाड़ा ग्रुप एवं मेवाड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित प्रमुख उद्योगपति भी विचार साझा करेंगे।
कार्यक्रम में नेटवर्किंग लंच के साथ चयनित उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठक तथा टेक्सटाइल राउंड टेबल चर्चा भी आयोजित की जाएगी। इस सत्र में राज्य सरकार के प्रतिनिधि निवेशकों के प्रत्यक्ष संवाद करेंगे।
इंटरैक्टिव सेशन से मध्यप्रदेश सरकार राज्य की औद्योगिक संभावनाओं, बुनियादी ढांचे, लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी, एमएसएमई प्रोत्साहन और टेक्सटाइल समेत विभिन्न सेक्टरों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्रस्तुत करेगी। यह आयोजन मध्यप्रदेश को निवेश के लिए एक सशक्त, विश्वसनीय और प्रतिस्पर्धी केन्द्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
Comments (0)