मध्यप्रदेश इस समय भीषण शीतलहर और उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं की चपेट में है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है। राजगढ़ में तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जबकि राजधानी भोपाल में पिछले 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया। इस कड़ाके की ठंड ने न केवल आम जनजीवन को प्रभावित किया है, बल्कि शिक्षा विभाग को कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां घोषित करने पर मजबूर कर दिया है।इंदौर, ग्वालियर और रायसेन सहित कई जिलों में स्कूल बंद रहे। मंगलवार और बुधवार की रात कई शहरों में सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कई जिलों में ‘कोल्ड वेव’ का अलर्ट भी जारी किया है।
राजगढ़ सबसे ठंडा
उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राजगढ़ जिला सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। राजधानी भोपाल में तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 2015 के बाद सबसे कम है।
स्कूलों में घोषित हुई छुट्टियां
बढ़ती ठंड और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कई जिलों में स्कूलों में अवकाश की घोषणा की है। इंदौर, रायसेन, ग्वालियर और नर्मदापुरम में बुधवार को भी छुट्टी रही। वहीं भोपाल, धार, सीहोर, अनूपपुर, बड़वानी, मुरैना और खरगोन जैसे जिलों में स्कूलों का समय सुबह 9 बजे से शुरू कर दिया गया।इसके पहले इंदौर, उज्जैन, मंदसौर, शाजापुर, विदिशा, ग्वालियर, अशोकनगर, रायसेन, आगर-मालवा, भिंड, टीकमगढ़, हरदा, नीमच, रतलाम, राजगढ़, मंडला, जबलपुर, दमोह, डिंडौरी, नर्मदापुरम, झाबुआ, छतरपुर, सीधी, बैतूल समेत कई जिलों में स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया गया था।
इन जिलों में चलेगी 'कोल्ड वेव'
मौसम विभाग ने बुधवार को भोपाल, सीहोर, राजगढ़ और शाजापुर में तीव्र शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा विदिशा और नरसिंहपुर में 'कोल्ड डे' की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान
राजगढ़: 2.0°C
भोपाल: 3.8°C
शाजापुर: 3.7°C
रीवा: 4.0°C
इंदौर: 8.6°C
Comments (0)