भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आदमपुर कचरा खंती में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग की लपटें करीब 20 फीट तक उठती नजर आईं, जबकि धुएं का घना गुबार लगभग 10 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दिया। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी गई।
शाम 4 बजे लगी आग, तेजी से फैली
जानकारी के मुताबिक, आगजनी की यह घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे की है। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कचरे के बड़े ढेर को अपनी चपेट में ले लिया। शाम करीब साढ़े 5 बजे तक दमकल की टीमें मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी रहीं।
RDF के ढेर से उठने लगा धुआं
बताया जा रहा है कि कचरा डंप के मुख्य गेट के पास रखे RDF (Refuse Derived Fuel) के ढेर से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग भड़क गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने पहले कचरे को हटाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, इसके बाद दमकल कर्मियों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
हर साल होती है आगजनी
स्थानीय लोगों के मुताबिक आदमपुर कचरा खंती में हर साल आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं। इसी वजह से यहां स्थायी तौर पर दमकल की गाड़ियां तैनात रखी जाती हैं, लेकिन कचरे की भारी मात्रा के कारण आग कई बार भीषण रूप ले लेती है और उसे काबू में करने में समय लग जाता है।
देवास-भोपाल बायपास पर भी लगी आग
वहीं देवास -भोपाल बायपास मार्ग पर शुभम लॉजिस्टिक कंपनी के पास एक खाली मैदान में भी सोमवार सुबह गद्दे और रेक्सीन के वेस्ट मटेरियल में आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को 15 से अधिक पानी के टैंकरों का इस्तेमाल करना पड़ा और आग पर काबू पाने की कोशिश देर तक जारी रही।
Comments (0)