भोपाल में होली (Holi 2026) और धुरेड़ी पर्व को शांतिपूर्ण व सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष डायवर्जन प्लान जारी किया है। भोपाल पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक 2-3 मार्च की मध्यरात्रि को होने वाले होलिका दहन और 4 मार्च को निकलने वाले पारंपरिक धुरेड़ी जुलूस के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में अहम बदलाव किए गए हैं।
आज भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
होलिका दहन के दौरान शहर की कॉलोनियों और आंतरिक इलाकों में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील की है ताकि आयोजन सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
4 मार्च को इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
धुरेड़ी जुलूस 4 मार्च की सुबह 8 बजे दयानंद चौक से प्रारंभ होकर
- जुमेराती गेट
- घोड़ा नक्कास
- कुंदन नमकीन मार्ग
- मंगलवारा
- इतवारा
- लखेरापुरा
- भवानी चौक से होते हुए जनकपुरी पहुंचेगा। इस दौरान पुराने शहर के प्रमुख मार्गों पर सुबह से ही यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा।
इसके अलावा:
- मोती मस्जिद से बुधवारा
- भारत टॉकीज से इतवारा
- नादरा बस स्टैंड से घोड़ा नक्कास
की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों, विशेषकर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग
यातायात पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं।
- वीआईपी रोड
- लिली टॉकीज चौराहा
- कमला पार्क मार्ग
- अल्पना तिराहा से सिंधी कॉलोनी व शाहजहानाबाद की ओर समानांतर मार्ग
नागरिकों से अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक रूप से पुराने शहर की ओर न जाएं और प्रशासन का सहयोग करें। होली के इस पावन अवसर पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
Comments (0)