भोपाल शहर के मिलन स्वीट्स और अन्य संस्थानों पर रविवार को आयकर विभाग की छापामार कार्रवाई की गई। आयकर विभाग के उप निदेशक सहित कई अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने एमपी नगर समेत मिलन स्वीट्स के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापे मारे। इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस जवान और अधिकारी भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि अनियमितताओं की शिकायतों के आधार पर आयकर विभाग ने यह कदम उठाया।
टीम रेस्टोरेंट संचालक से कर रही पूछताछ
कर चोरी और आय के आंकड़ों में हेरफेर की शिकायतों के बाद विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग ने यह सर्वे कार्रवाई शुरू की। रविवार सुबह पुलिस बल के साथ आयकर अधिकारी जब रेस्टोरेंट पहुंचे, तो वहां हड़कंप मच गया और आसपास भीड़ जमा हो गई। टीम रेस्टोरेंट संचालक से पूछताछ कर वास्तविक टर्नओवर और जमा किए गए टैक्स के बीच के अंतर का पता लगा रही है।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई मुख्य रूप से बिक्री के आंकड़े कम दिखाने और टैक्स रिटर्न में विसंगतियों से जुड़ी है। विभाग के अधिकारी वर्तमान में रेस्टोरेंट के कंप्यूटर डेटा, बिलिंग रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
Comments (0)