बीजापुर। बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। 20 फरवरी को दोपहर बाद थाना फरसेगढ़ और थाना तर्रेम क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान कुल 4 अवैध माओवादी स्मारकों को ध्वस्त कर दिया गया।
फरसेगढ़ क्षेत्र में 15 फीट ऊंचा स्मारक गिराया
थाना फरसेगढ़ अंतर्गत FOB पील्लूर, केरिपु 214वीं वाहिनी के जवानों ने नीलमड़गु के जंगल में बनाए गए लगभग 15 फीट ऊंचे अवैध माओवादी स्मारक को ध्वस्त किया। अभियान के दौरान क्षेत्र में सर्चिंग भी की गई।
तर्रेम क्षेत्र में 3 स्मारक ढहाए
वहीं थाना तर्रेम क्षेत्र में केरिपु 153वीं वाहिनी के बल द्वारा पेद्दागेलुर और कोत्तागुड़ा के जंगलों में निर्मित 3 अवैध माओवादी स्मारकों को गिराया गया। ये स्मारक नक्सलियों द्वारा अपने मृत साथियों की याद में बनाए गए थे।
माओवाद उन्मूलन के तहत लगातार अभियान
सुरक्षा बलों का कहना है कि माओवाद के पूर्ण उन्मूलन और क्षेत्र में स्थायी शांति, सुरक्षा व विकास की स्थापना के उद्देश्य से इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नक्सलियों द्वारा निर्मित प्रतीकात्मक ढांचे, हिंसा के चिन्ह और भय का वातावरण पैदा करने वाले अवशेषों को क्रमबद्ध रूप से समाप्त किया जा रहा है। बस्तर अंचल में सुरक्षा बलों की सक्रियता बढ़ने से नक्सल गतिविधियों पर लगातार दबाव बन रहा है।
Comments (0)