मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने बुरहानपुर में मिनी एयरपोर्ट बनाने और बागवानी फसलों के लिए फसल प्रोसेसिंग कारखाना खोलने की बड़ी घोषणाएं की।मुख्यमंत्री ने जिले में जल्द ही इंडस्ट्रियल कान्क्लेव आयोजित करने, शाहपुर नगर परिषद को नगर पालिका में अपग्रेड करने, सूत मिल के श्रमिकों की बकाया देनदारी का जल्द भुगतान करने और सरकारी कॉलेज में सभी विषय प्रारंभ करने की भी घोषणा की।
सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि जिलेवासियों के स्वागत से वे अभिभूत हैं और उनकी सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। हर खेत में पानी और रोजगार देने का संकल्प पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश हर क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है।
भाजपा सरकार के विकास कार्य
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके समय में बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं। किसानों को सिंचाई के लिए जनरेटर चलाने पड़ते थे और पेट्रोल पंपों में डीजल की लाइन लगती थी। भाजपा सरकार आने के बाद प्रदेश का विकास हुआ।उन्होंने मंच से सिंगल क्लिक के जरिए लगभग 700 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।