छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 का आयोजन 22 फरवरी 2026 को रायपुर जिले के 48 परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परीक्षा दो पालियों में होगी आयोजित
परीक्षा पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
गोपनीय सामग्री का समयबद्ध वितरण
परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर रायपुर से सुबह 7 बजे तथा दोपहर 12 बजे किया जाएगा।
निर्धारित परिवहन अधिकारी और उड़नदस्ता अधिकारी तय समय पर जिला कोषालय पहुंचकर सामग्री प्राप्त करेंगे। परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटे पहले यह सामग्री संबंधित केंद्राध्यक्ष को सौंपना अनिवार्य रहेगा।
उड़नदस्ता दल रखेगा सख्त नजर
परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता या अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए उड़नदस्ता दल लगातार निरीक्षण करेगा। प्रशासन ने परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की है।
कंट्रोल रूम से होगी मॉनिटरिंग
परीक्षा शुरू होने के एक घंटे के भीतर परीक्षार्थियों की उपस्थिति और अनुपस्थिति की जानकारी कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 06 में स्थापित कंट्रोल रूम को देना अनिवार्य होगा।
परीक्षा उपरांत सीलबंद सामग्री होगी जमा
परीक्षा समाप्ति के बाद सभी केंद्रों से गोपनीय सामग्री के सीलबंद पार्सल क्रमांक 1 से 5 तक केंद्राध्यक्ष की उपस्थिति में जिला कोषालय के डबल लॉक कक्ष में जमा कराए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, ताकि सभी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।
Comments (0)