छतरपुर जिले के बिजावर ब्लॉक स्थित हथनी कुंड क्षेत्र में रोजा इफ्तार के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब मधुमक्खियों के झुंड ने रोजेदारों पर अचानक हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में अंजार राईन सहित कई लोग मौजूद थे। हमला होते ही मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
आग जलाने से भड़की मधुमक्खियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इफ्तार की तैयारी के दौरान आग जलाई गई थी, जिससे पास में मौजूद मधुमक्खियों का छत्ता भड़क गया। देखते ही देखते मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। बचाव के लिए कुछ लोग खेतों की ओर भागे तो कुछ नदी की तरफ दौड़ पड़े। अफरातफरी के बीच कई लोग गिर पड़े, जिससे उन्हें हल्की चोटें भी आईं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लोग रोजा इफ्तार छोड़कर मधुमक्खियों से बचने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने इसे बड़ा हादसा टलने जैसा बताया है।
Comments (0)