छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज, 23 फरवरी से शुरू हो गया है। यह सत्र 20 मार्च तक चलेगा और कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। सत्र की शुरुआत सुबह 11:05 बजे राज्यपाल रामेन डेका के अभिभाषण से होगी।
24 फरवरी को पेश होगा बजट
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पहले ही सत्र की कार्यसूची साझा कर दी थी। उनके अनुसार वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी 24 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का आय-व्यय प्रस्तुत करेंगे।
बजट पर सामान्य चर्चा 26 और 27 फरवरी को होगी। इसके बाद 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा की जाएगी। 17 मार्च को विनियोग विधेयक पेश किया जाएगा और 18 मार्च को उस पर चर्चा और पारित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
एक साल बाद सदन में वापसी
इस बार के सत्र की सबसे बड़ी राजनीतिक चर्चा पूर्व मंत्री कवासी लखमा की वापसी को लेकर है। शराब घोटाले मामले में वे करीब एक वर्ष जेल में रहे थे और सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले सके थे।
उच्च न्यायालय ने 3 फरवरी को उन्हें अंतरिम जमानत दी। इसके बाद विधानसभा की ओर से 7 फरवरी को उनका अभिमत मांगा गया और उन्होंने 2026 में अपनी सहमति दी। अब उन्हें सख्त शर्तों के तहत सत्र में भाग लेने की अनुमति मिली है।
Comments (0)