बालोद जिला कोर्ट के बाद अब बेमेतरा जिला कोर्ट को भी धमकी भरा ई-मेल मिला है। न्यायालय के आधिकारिक ई-मेल पर यह संदेश आने के बाद एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया। पुलिस ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया है और बम स्क्वॉड व डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हुई है। फिलहाल अधिकारियों के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है।
कोर्ट परिसर खाली कराया
बालोद जिला कोर्ट में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और बम स्क्वॉड की टीम पूरे परिसर की बारीकी से जांच कर रही है। सुरक्षा कारणों से कोर्ट परिसर को खाली करा दिया गया है और मौजूद लोगों को बाहर भेज दिया गया। इसके अलावा आसपास के इलाके में लोगों की आवाजाही पर भी अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले 24 फरवरी को बिलासपुर हाईकोर्ट और बलौदाबाजार जिला कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस दिन सुबह एक ई-मेल के जरिए हाईकोर्ट परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गई थीं और दोनों स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
Comments (0)