छत्तीसगढ़ सरकार के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट 2026-27 में महिलाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। महिलाओं की आत्मनिर्भरता के लिए मुख्यमंत्री लखपति दीदी भ्रमण योजना की शुरुआत की जाएगी। रानी दुर्गावती योजना के तहत बच्चियों के 18 साल पूरे होने पर डेढ़ लाख रुपए की राशि दी जाएगी।
जानिए महिलाओं के लिए क्या है खास –
रानी दुर्गावती योजना
इस योजना के तहत प्रदेश की बच्चियों को 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर 1.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री लखपति दीदी भ्रमण योजना
इस नई योजना के जरिए महिलाओं को धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। सरकार का उद्देश्य महिलाओं के आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
महतारी वंदन योजना
वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना में 8,200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वित्त मंत्री ने बताया कि योजना की शुरुआत से अब तक 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं को वितरित की जा चुकी है। वर्तमान में प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाएं इसका लाभ ले रही हैं।
250 महतारी सदन का निर्माण
प्रदेश में 250 महतारी सदन बनाए जाएंगे, जिसके लिए 75 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
मितानिन कल्याण निधि
- वर्ष 2026-27 के लिए मितानिन कल्याण निधि में 350 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
- इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण के लिए 800 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है।
- इन घोषणाओं के जरिए सरकार ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विकास और सशक्तिकरण को बजट 2026-27 में सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
Comments (0)