छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा 2024 का अंतिम चयन परिणाम 20 फरवरी को जारी कर दिया है। शासन के विधि एवं विधायी कार्य विभाग के अंतर्गत कुल 57 पदों पर भर्ती के लिए यह परीक्षा आयोजित की गई थी।
साक्षात्कार प्रक्रिया और उम्मीदवारों का चयन
चयन प्रक्रिया के तहत मुख्य परीक्षा 21 दिसंबर 2025 को आयोजित हुई थी और इसके परिणाम 22 जनवरी को घोषित किए गए थे। पदों की कुल संख्या के तीन गुना उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाना था, लेकिन वर्गवार योग्य उम्मीदवारों की उपलब्धता के आधार पर कुल 183 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए चुना गया। सभी 183 उम्मीदवारों ने साक्षात्कार में भाग लिया और कोई भी अनुपस्थित या अयोग्य नहीं रहा।
टॉप करने वाले उम्मीदवार
लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के कुल योग और योग्यता क्रम के आधार पर 57 उम्मीदवारों की अंतिम चयन सूची तैयार की गई। मुख्य सूची में अंजुम आरा को पहला स्थान मिला है। दूसरे स्थान पर शिवांगी तिवारी और तीसरे स्थान पर आयुष चौरसिया रहे। आयोग ने मुख्य सूची के साथ अनुपूरक सूची भी सार्वजनिक कर दी है।
Comments (0)