दिसंबर के बाद जनवरी भी ठिठुरन भरी रहने वाली है। मकर संक्रांति से पहले सर्द रातों से राहत मिलने की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है। 24 से 48 घंटे के बाद ठंड में थोड़ी राहत मिल सकती है मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी क्षेत्र में मौसम बदलने का कारण पश्चिमी विक्षोभ है। यह विक्षोभ उत्तर पंजाब और आसपास के इलाकों में लगभग 3 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। वहीं उत्तर भारत में करीब 12 किलोमीटर की ऊंचाई पर तेज गति से बह रही हवाओं को पश्चिमी जेट स्ट्रीम कहा जाता है। यही कारण है कि प्रदेश में मौसम में बदलाव दिखाई दे रहा है।
इन इलाकों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। 9 जनवरी तक सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, बलोदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों के कुछ पॉकेट में शीतलहर चलने की संभावना है। 10 जनवरी को दुर्ग सहित कुछ इलाकों में कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की गई है।
राजधानी में धुंध छाए रहने के आसार
प्रदेश में सर्वाधिक तापमान दुर्ग जिले में 28.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 3.5 डिग्री रहा। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 27.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 12.4 डिग्री दर्ज किया गया। माना में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री रहा। राजधानी रायपुर में आज धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान है।
Comments (0)