छत्तीसगढ़ के लाखों सरकारी कर्मचारियों के लिए विष्णुदेव साय सरकार ने बड़ी राहत की घोषणा की है। राज्य कर्मचारी संघ के आठवें प्रदेश अधिवेशन के मंच से मुख्यमंत्री ने महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया। इसके साथ ही अब राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। इस घोषणा से कर्मचारियों में उत्साह और खुशी का माहौल है।अधिवेशन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देवसाय ने बताया कि वे कर्मचारी संघ के कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां केंद्र से आए संघ के पदाधिकारियों से भी संवाद हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने केंद्र के समान डीए देने का निर्णय लिया है, जबकि कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगों पर विचार के लिए समिति गठित कर चर्चा की जाएगी।
सीएम साय ने केंद्र के समान 58% भत्ते का किया ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के कई राज्य अभी भी केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे महंगाई भत्ते से पीछे हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार ने कर्मचारियों के हित में केंद्र के बराबर डीए देने का फैसला लिया है। सरकार कर्मचारियों के कल्याण के प्रति सजग है और भविष्य में भी उनके हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
केंद्र के समान मिलेगा भत्ता, कर्मचारियों में खुशी
कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और आने वाले समय में अन्य मांगों पर भी सकारात्मक पहल किए जाने की उम्मीद है।
Comments (0)