छत्तीसगढ़ में मार्च के आगमन के साथ ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण दिन में लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश का मौसम शुष्क बना हुआ है और आने वाले चार दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
राजनांदगांव सबसे गर्म जिला
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जहां पारा 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो अंबिकापुर में 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम है।
प्रदेशभर में नहीं हुई बारिश
पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के किसी भी जिले में बारिश नहीं हुई। साफ आसमान और तेज धूप की वजह से दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी हुई है, जिससे गर्मी का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।
अगले चार दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार दिनों तक प्रदेश में तापमान इसी स्तर पर बना रह सकता है। अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2–3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को कुछ दिनों तक तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
Comments (0)