छत्तीसगढ़ में मार्च के महीने में ही गर्मी का असर महसूस होने लगा है। राज्य के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लोग मई-जून जैसी गर्मी का अनुभव कर रहे हैं। राजधानी रायपुर में सुबह से ही तेज धूप पड़ रही है, और गर्मी से बचने के लिए लोग बाहर निकलते समय अपने चेहरे को कपड़े या स्कार्फ से ढक रहे हैं। दोपहर के समय सड़कों पर भी गर्मी का असर साफ देखा जा सकता है।मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है।
राजनांदगांव में तापमान 40 डिग्री के पार
राज्य में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव जिले में रिकॉर्ड किया गया है। यहां तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो मार्च के महीने के लिए असामान्य रूप से अधिक है। वहीं, राज्य का सबसे कम तापमान अंबिकापुर में दर्ज किया गया है, जहां न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा।मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
बस्तर संभाग में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के कुछ जिलों में मौसम बदलने की संभावना जताई है। अगले दो दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना भी है, जिनकी गति लगभग 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। यदि बारिश होती है तो बस्तर संभाग के कुछ क्षेत्रों में तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है।
पिछले 24 घंटे में मौसम रहा शुष्क
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहा और दिन के समय तेज धूप रही। आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में हल्की बारिश के कारण मौसम में बदलाव की संभावना है।
15 मार्च का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर जारी रहेगा और लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ सकता है।
Comments (0)