छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि आज भी कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
तापमान में गिरावट, गर्मी से मिली राहत
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम रिकॉर्ड किया गया है। राजधानी रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। यहां अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। हवाओं के चलने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
कई जिलों में बारिश, दुर्ग रहा सबसे गर्म
प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं दुर्ग जिले में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा बिलासपुर, जगदलपुर और रायपुर समेत कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई।
आने वाले दिनों में फिर बढ़ सकती है गर्मी
अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है। इसका मतलब है कि आने वाले दिनों में फिर से गर्मी बढ़ सकती है। हालांकि बीच-बीच में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
24 और 25 मार्च को फिर अलर्ट
24 और 25 मार्च को कई क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।