छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। सदन की कार्यवाही के दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। प्रश्नकाल में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और मंत्री लखनलाल देवांगन सदस्यों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ मंत्री केदार कश्यप, श्याम बिहारी जायसवाल और गुरु खुशवंत विभिन्न विभागों से संबंधित पत्र एवं दस्तावेज सदन के पटल पर रखेंगे।
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जाएंगे
आज सदन में दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें विधायक अजय चंद्राकर और धरमलाल कौशिक प्रदेश में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री का मुद्दा उठाएंगे। वहीं विधायक राघवेंद्र सिंह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़ा विषय सदन में रखेंगे।
अभिभाषण पर सदन में विस्तृत चर्चा की जाएगी
इसके अलावा मंत्री दयालदास बघेल और विधायक रेणुका सिंह अनुपस्थिति की अनुज्ञा प्रस्तुत करेंगे। विधायक भावना बोहरा और रोहित साहू याचिकाएं पेश करेंगे। इसके साथ ही राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में विस्तृत चर्चा भी की जाएगी, जिससे बजट सत्र की कार्यवाही और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
Comments (0)