छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के रायपुर स्थित निवास पर गुरुवार (26 फरवरी) को एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। करीब सवा सौ आत्मसमर्पण कर चुके नक्सली डिनर कार्यक्रम में शामिल हुए। डिप्टी सीएम ने सभी पुनर्वासित साथियों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे आत्मीय बातचीत की। उन्होंने उनका हालचाल जाना और पूछा कि रायपुर प्रवास के दौरान वे किन-किन स्थानों पर घूमने गए। एक प्रतिभागी ने बताया कि वह दो दिन पहले ही रायपुर पहुंचा है।
विधानसभा का करेंगे दौरा
डिप्टी सीएम ने इस कार्यक्रम की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर वीडियो साझा कर दी। उन्होंने लिखा कि लाल आतंक की राह छोड़कर मुख्यधारा में लौटे भाई-बहनों का उनके निवास पर स्वागत हुआ। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को ये आत्मसमर्पित नक्सली छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन का दौरा करेंगे और सदन की कार्यवाही भी देख सकते हैं।
सरेंडर की बढ़ती संख्या
हाल ही में नक्सल संगठन के बड़े कमांडरों में शामिल देवजी ने भी आत्मसमर्पण किया था। केंद्र सरकार द्वारा नक्सलवाद के खात्मे के लिए तय की गई 31 मार्च 2026 की समयसीमा में अब लगभग एक महीना शेष है। विधानसभा में दी गई जानकारी के अनुसार, अब तक 2937 नक्सलियों ने पुनर्वास का रास्ता अपनाया है। इनमें से 1496 नक्सलियों पर कुल 5.64 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।
Comments (0)