रायपुर: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर दिखाई देने की संभावना है। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। दूसरी ओर प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। बलरामपुर में रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 8.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
चक्रवाती तूफान 'अकवान' से बदलेगा मौसम, दो दिन बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान 'अकवान' उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने दोनों दिनों के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में यलो अलर्ट जारी किया है।
50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
बारिश के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में मौसम खराब रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी है।इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
आंध्रप्रदेश और ओडिशा के तटों से टकराने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान 'अकवान' 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्रप्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच पहुंच सकता है।इस दौरान तूफान की हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। इसका असर आसपास के क्षेत्रों के मौसम पर भी पड़ सकता है।
बलरामपुर में 8.9 डिग्री पहुंचा रात का तापमान
प्रदेश में एक तरफ चक्रवाती तूफान के कारण बारिश की संभावना है, तो दूसरी तरफ ठंड का असर भी बना हुआ है। बुधवार को बलरामपुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य शहरों का तापमान इस प्रकार रहा
बलरामपुर: 8.9 डिग्री सेल्सियस
अंबिकापुर: 9.2 डिग्री सेल्सियस
रायपुर: न्यूनतम 17.3 डिग्री सेल्सियस
रायपुर: अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस
राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम दर्ज किया गया।
रायपुर में आज छाए रह सकते हैं बादल
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।प्रदेश में चक्रवाती तूफान के असर से अगले दो दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।