बड़वानी - कृषि कल्याण वर्ष के अंतर्गत बड़वानी जिले में आयोजित कैबिनेट बैठक से पहले प्रदेश सीएम डॉ. मोहन यादव ने अपने मंत्रीगणों के साथ ग्रामनागलवाड़ी स्थित भिलट देव मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
लोक देवता भिलट के दर्शन के साथ हुई कैबिनेट बैठक की शुरुआत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, भिलट देव निमाड़ क्षेत्र के आराध्य देव हैं और उनके दर्शन के साथ ही कैबिनेट बैठक की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के साथ प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और कहा कि, पीएम मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।
किसानों और प्राकृतिक खेती पर जोर
मुख्यमंत्री ने निमाड़ क्षेत्र के किसानों की कृषि और उद्यानिकी में प्रगति को सराहा और कहा कि मां नर्मदा के जल से सिंचाई करके किसानों की आर्थिक उन्नति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के लिए प्राकृतिक खेती अपनाएँ, जिससे लंबी अवधि में उत्पादन क्षमता बढ़ेगी।
भिलट देव मंदिर का महत्व
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सतपुड़ा की सुरम्य वादियों में बसा भिलट देव मंदिर अत्यंत रमणीय और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण स्थल है। उन्होंने निमाड़ के संत श्री सियाराम बाबा के योगदान को भी याद किया, जिन्होंने मंदिर के जीर्णोद्धार में अमूल्य योगदान दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रीगणों के साथ नागलवाड़ी मंदिर की स्मृति स्वरूप सामूहिक फोटो भी खिंचवाई।
Comments (0)