आज यानी की 4 जनवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी भोपाल स्थित रविंद्र भवन में आयोजित मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम में सीएम यादव ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म और महादेव के महत्व पर प्रकाश डाला।
पंच तत्वों से बना हुआ शरीर शिव के बिना शव के समान है
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, पंच तत्वों से बना हुआ शरीर शिव के बिना शव के समान है। भारत और भारत की अच्छाइयों पर आक्रमण करने वाले लोग 1000 साल पहले हमारी आस्था को तोड़ने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन आज हमारी धरोहर सुंदर रूप में सुरक्षित है। हमारे सनातन ने कभी किसी को नुकसान पहुँचाने का सोचा भी नहीं।
महादेव हमें धैर्य और शक्ति प्रदान करते हैं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगे अपने संबोधन में कहा कि, कायरता के दौर में मंदिरों को नष्ट करने की कोशिश की गई थी, लेकिन आज वही मंदिर हमारे गौरव और संस्कृति का प्रतीक हैं। एक तरफ श्री राम मुस्कुरा रहे हैं और दूसरी ओर महादेव। महादेव हमें धैर्य और शक्ति प्रदान करते हैं।
महादेव की कृपा हम सभी पर बनी रहे
एमपी के मुखिया ने इस दौरान कहा कि उन्होंने रुद्र पूजा में भी भाग लिया और सभी से प्रार्थना की कि महादेव की कृपा हम सभी पर बनी रहे। कार्यक्रम में संस्कृति प्रेमियों और नागरिकों की बड़ी संख्या ने भाग लिया। इस अवसर पर धार्मिक आस्था और भारतीय परंपरा का महत्व सामने आया।
Comments (0)