प्रदेश में कड़ाके की ठंड लगातार लोगों के जीवन पर असर डाल रही है। कई क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, और सुबह-शाम लोगों को ठंड से बचने के लिए अलाव या गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान दुर्ग, बालोद, रायपुर सहित कई जिलों में शीतलहर का प्रभाव रह सकता है। रायपुर में सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना भी जताई गई है।रायपुर शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम है, जबकि माना में तापमान 5 डिग्री तक नीचे गिर चुका है।
इन इलाकों में शीतलहर का अलर्ट
प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में लगातार बर्फ जमने की स्थिति बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान दुर्ग में 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों में प्रदेश में ठंड की स्थिति में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।मौसम विभाग ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगाँव, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, बेमेतरा और रायपुर जिलों में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में शनिवार को सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।
Comments (0)