रायपुर | आम जनता पर बढ़ती महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में आज शहर जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
प्रदर्शन की शुरुआत अंबेडकर चौक से हुई, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर कांग्रेसजनों ने गैस सिलेंडर की कमी और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन के विरोध में प्रदर्शन किया और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि महंगाई से आम जनता त्रस्त है और रसोई गैस की किल्लत ने हालात और खराब कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर खुलेआम 3 से 4 हजार रुपये में कालाबाजारी के जरिए बेचे जा रहे हैं, जबकि कई एजेंसियों में 1500 से ज्यादा उपभोक्ता वेटिंग में हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गैस वितरण व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
Comments (0)