नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के घने जंगलों में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान जंगल में छिपाकर रखा गया विस्फोटक और अन्य सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सलियों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
खुफिया सूचना के आधार पर जानकारी मिली थी कि सुकमा क्षेत्र के गोमगुड़ा गांव के पोडियमपारा इलाके में नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में विस्फोटक और अन्य सामान छिपाकर रखा है। सूचना मिलते ही CRPF की 226वीं बटालियन की सी कंपनी ने 14 मार्च 2026 की सुबह लगभग 5:50 बजे विशेष एंबुश ऑपरेशन शुरू किया।
18 किलो अमोनियम नाइट्रेट सहित कई सामग्री बरामद
तलाशी के दौरान करीब 18 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, काला तिरपाल प्लास्टिक, पिट्ठू बैग, स्लीपिंग बैग, नक्सली पत्रिका, चाकू, मेडिकल और मेस से जुड़ा सामान, इलेक्ट्रिकल वायर, चार्जर, डेटा केबल, बैटरी, स्विच, ड्राइंग मैप चार्ट पेपर और 50 लीटर का ब्लू ड्रम बरामद किया गया।
इसके अलावा स्टील का टिफिन बॉक्स, चाय का गिलास, तांबे की पानी की बोतल, छाता और कपड़े भी मिले हैं। बरामद सामग्री से अंदेशा लगाया जा रहा है कि नक्सली इस इलाके में लंबे समय तक रुकने या किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे। हालांकि सुरक्षा बलों की सतर्कता और समय पर कार्रवाई से उनकी योजना नाकाम हो गई।
Comments (0)