Barwale Mahadev: भोपाल (Bhopal) में महाशिवरात्रि (mahashivratri) का पर्व पूर्ण श्रद्धाभाव और धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर के तमाम शिव मंदिरों में साज-सज्जा की गई है। शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ का सिलसिला जारी है। मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे हैं। भक्तगण शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प अर्पित करते हुए महादेव का अभिषेक कर रहे हैं। आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे सीएम शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) शहर के प्राचीन बड़वाले महादेव मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर उनकी आरती की। इस मौके पर भोपाल के पूर्व महापौर आलोक शर्मा भी उनके साथ नजर आए। सीएम ने चांदी के रथ पर विराजमान बाबा बटेश्वर का रथ भी खींचा।
भगवान शिव की बारात
मंदिर में चांदी के रथ पर भगवान शिव की बारात निकलेगी। इसमें दूल्हा बने भगवान की नंदी पर बैठी चांदी की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र है। एक दिन पहले ही मंदिरों को फूलों और लाइट की लड़ियों से सजाया गया है। कायस्थपुरा स्थित बड़वाले महावेद मंदिर से भगवान शिव की बारात सिंधी मार्केट, जवाहर चौक, जुमेराती, हनुमानगंज, मंगलवरा, इतवारा, चिंतामण चौराहा, चौक बाजार, लखेरापुरा, सोमवारा समेत कई इलाकों से गुजरेगी। इसके साथ ही अन्य रस्में होंगी।
भोजपुर मंदिर में बड़ा आयोजन
शहर के पास स्थित भोजपुर मंदिर में आज ओम शिव शक्ति सेवा मंडल की तरफ से सवा लाख रूद्राक्ष का वितरण किया जाएगा। मंडल के सचिव रिंकू भटेजा ने बताया कि इन रुद्राक्षों का वितरण महाशिवरात्रि पर भोजपुर शिव मंदिर पर रखा गया है। साथ ही रुद्राक्ष से शिवलिंग बनाया जाएगा। इस पर्व के मौके पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जा रहा है। भंडारे में साबूदाने की खीर, आलू चाट, फल, चाय वितरित की जाएगी और जिन श्रद्धालुओं का व्रत नहीं होगा। उनके लिए शाही खिचड़ी, दाल चावल की व्यवस्था की जाएगी। भक्तगणों के शुक्रवार रात से ही भोजपुर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भोपाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का टोली भोजपुर के लिए रवाना हुई।
कमलनाथ ने की पूजा
सीएम शिवराज के अलावा पूर्व सीएम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी महाशिवरात्रि के अवसर पर भोपाल में भगवान शंकर की पूजा-अर्चना की। अभिषेक, पूजन कर उन्होंने प्रदेशवासियों की समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
ये भी पढ़े- Bageshwar Dham: आज बागेश्वर धाम जाएंगे सीएम शिवराज सिंह चौहान, सामूहिक विवाह समारोह में होंगे शामिल
Comments (0)