उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड ने हालात और खराब कर दिए हैं। दिल्ली में पहली बार न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक भीषण ठंड जारी रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में तापमान शून्य डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया, जबकि हरियाणा और पंजाब में तापमान जमाव के आसपास बना हुआ है। कई हिस्सों में भारी शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली में मौसम
दिल्ली में इस मौसम की पहली शीतलहर दर्ज की गई। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 3°C से नीचे गिर गया। आयानगर में न्यूनतम तापमान 2.9°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि पालम स्टेशन पर 13 साल में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3°C दर्ज हुआ। IMD के अनुसार, राजधानी के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 4.8°C रिकॉर्ड किया गया। अगले दो दिनों तक इस स्थिति के बने रहने का अनुमान है। यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
यूपी में और गिरेगा पारा
उत्तर प्रदेश में सोमवार से सर्द पछुआ हवाओं के असर से तापमान और नीचे जाने की संभावना है। पश्चिमी यूपी में गलन बढ़ने और शीतलहर के हालात बनने की आशंका है। रविवार को दिन में धूप खिलने से कुछ राहत मिली, लेकिन बीते दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़त दर्ज की गई।मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के गाजियाबाद, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और संभल में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। अगले तीन दिनों में दिन और रात के पारे में 3 से 5 डिग्री की गिरावट के अनुमान हैं। 23 जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना भी जताई गई है। सोमवार से यूपी में विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद हवा फिर से उत्तरी पछुआ हो जाएगी। पश्चिमी यूपी में शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं। दिन में धूप से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन रात तक कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। तराई क्षेत्रों में सुबह कोहरे का असर रहेगा।
पंजाब-हरियाणा में ठंड का कहर
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में भीषण ठंड के कारण न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार, बठिंडा सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.6°C रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.2°C दर्ज किया गया। पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 2.9°C रिकॉर्ड हुआ। दोनों राज्यों में आज भी भीषण ठंड पड़ने की संभावना है।
Comments (0)