जनवरी की शुरुआत में ही प्रदेश में ठंड का असर कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। शनिवार को राजधानी रायपुर सहित अधिकांश जिलों में दिन और रात दोनों समय तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा है, जबकि न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक रहा। इससे सुबह और शाम की ठंड में भी कमी महसूस की गई।मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री अंबिकापुर में रहा। बिलासपुर, माना एयरपोर्ट और पेण्ड्रारोड में भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा। साफ मौसम और शुष्क हवाओं के कारण दिन में तेज धूप रही, जिससे तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली।
छाए रहे बादल
रायपुर शहर में सुबह और शाम के समय आंशिक बादल नजर आए, लेकिन दिन बढ़ने के साथ ही धूप तेज हो गई। सुबह आर्द्रता 75 प्रतिशत और शाम को 64 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की गति कम रहने के कारण ठंड का असर और कमजोर पड़ गया। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है, इसी वजह से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
चार दिन बाद बदलेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। ऐसे में एक बार फिर ठंड का असर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल दिन के बढ़े तापमान से लोगों को राहत मिली है, लेकिन कोहरे और आने वाले दिनों में संभावित तापमान गिरावट को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Comments (0)