जगदलपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे के दौरान युवाओं को आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने का संदेश दिया। जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बस्तर के युवा भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं और ओलिंपिक में मेडल जीत सकते हैं।
राष्ट्रपति ने इस दौरान जंगलों और पेड़-पौधों को संरक्षित करने की अपील भी की। अपने दो दिवसीय बस्तर दौरे में उन्होंने मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन किए, मुरिया दरबार में जनजातीय प्रतिनिधियों से मुलाकात की और बस्तर दशहरे तथा जनजातीय संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
बच्ची से पूछा- बड़ी होकर क्या बनोगी?
बस्तर दशहरे और जनजातीय संस्कृति पर आधारित स्टॉलों का निरीक्षण करते समय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक बच्ची से मिलीं। उन्होंने बच्ची से पूछा कि वह बड़ी होकर क्या बनना चाहती है। इस पर बच्ची ने जवाब दिया, कलेक्टर बनूंगी।
बस्तर के युवा भी ओलिंपिक में जीत सकते हैं मेडल
राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि बस्तर के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। उचित अवसर और संसाधन मिलने पर वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं और ओलिंपिक में भी पदक जीत सकते हैं।उन्होंने क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जुड़ने और अपनी क्षमताओं को पहचानने का संदेश दिया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने दौरे के दौरान सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने मांझी-चालकियों और जनजातीय प्रतिनिधियों से मुलाकात की।उन्होंने मुरिया दरबार की परंपरा को लोकतंत्र का गौरव बढ़ाने वाली व्यवस्था बताया। बस्तर दशहरे से जुड़ा यह पारंपरिक आयोजन स्थानीय सामाजिक व्यवस्था और जनजातीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मां दंतेश्वरी मंदिर में किए दर्शन
दो दिवसीय बस्तर दौरे के दौरान राष्ट्रपति ने मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने लालबाग मैदान में आयोजित प्रदर्शनी में बस्तर दशहरे और जनजातीय संस्कृति से जुड़े स्टॉलों का अवलोकन किया।
मांझी और चालकी के मानदेय में बढ़ोतरी
राष्ट्रपति के दौरे के बीच राज्य सरकार ने बस्तर संभाग के पारंपरिक सामाजिक प्रमुखों के मानदेय में बढ़ोतरी की है।
मांझी का मानदेय: 2,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये प्रति माह।
चालकी का मानदेय: 1,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये प्रति माह।