मध्य पूर्व में बढ़े तनाव के कारण दुबई एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया, जिसके चलते कई उड़ानें अचानक निरस्त हो गईं। इसका सीधा असर भारत लौटने की तैयारी में जुटे यात्रियों पर पड़ा। विशेष रूप से इंदौर के कई नेताओं और उद्योगपतियों की वापसी फिलहाल मुश्किल हो गई है। सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें प्रशासन की ओर से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।
इंदौर के कई दिग्गज फंसे, एयरपोर्ट पर मिली उड़ान रद्द होने की सूचना
शनिवार को जैसे ही यात्री अपनी निर्धारित उड़ान पकड़ने दुबई एयरपोर्ट पहुंचे, उन्हें उड़ान निरस्त होने की जानकारी दी गई। फंसे हुए लोगों में पूर्व विधायक संजय शुक्ला, पूर्व विधायक विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, उद्योगपति मनीष शाहरा, मनीष अग्रवाल, पिंटू छाबड़ा, गोलू पाटनी, उत्पल गोयल, आदित्य शर्मा और संजय शुक्ला के बेटे आकाश शुक्ला शामिल बताए जा रहे हैं।
व्यावसायिक मीटिंग और विवाह समारोह में पहुंचे थे यात्री
अधिकांश लोग व्यावसायिक बैठक और विवाह समारोह में शामिल होने के लिए दुबई पहुंचे थे। इसी दौरान क्षेत्रीय तनाव बढ़ा और एयरपोर्ट संचालन बाधित हो गया। संजय शुक्ला ने फोन और वीडियो कॉल के माध्यम से परिजनों को आश्वस्त किया कि वे सब पूरी तरह सुरक्षित हैं और जहां वे ठहरे हैं, वहां हालात सामान्य हैं। उन्होंने बताया कि वापसी की योजना शारजाह के माध्यम से बनाई जा रही है, लेकिन उड़ानों की उपलब्धता स्पष्ट होने पर ही फैसला लिया जाएगा।
वीडियो कॉल पर दिखा तबाही का खौफनाक दृश्य
संजय शुक्ला ने वीडियो कॉल पर दुबई की स्थिति दिखाते हुए बताया कि जिस क्षेत्र में बम गिरा है, वहां का दृश्य बेहद भयावह है। कुछ दूरी से भी तबाही का मंजर साफ दिखाई दे रहा है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है।
परिजन चिंतित, भारत सरकार से सुरक्षित वापसी की अपील
इंदौर में मौजूद परिजन लगातार संपर्क में हैं और अपने परिजनों की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे हैं। संजय शुक्ला के बेटे सागर ने बताया कि पिता ने उन्हें दुबई की ताजा स्थिति वीडियो के जरिए दिखाई, जो दिल दहलाने वाली थी। उन्होंने भारत सरकार से गुहार लगाई है कि सभी भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने की व्यवस्था जल्द से जल्द की जाए।
Comments (0)