मध्य प्रदेश में साइबर ठग अब डॉक्टरों को भी अपने निशाने पर ले रहे है। साइबर अपराधी नीट पीजी की परीक्षा में पास कराने और अच्छा कॉलेज में एडमिशन दिलाने का लालच देकर ठगी का शिकार बना रहे है। साइबर ठग फोन के माध्यम से अभ्यर्थियों के परिजन और उनके द्वारा दिये गए ऑल्टरनेट नंबर पर संपर्क कर परीक्षा में पास करने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहे हैं। फिलहाल इस तरह की घटनाएं सामने आने के बाद स्टेट साइबर सेल और पुलिस भी सक्रिय हो गई है।
दरअसल, नीट पीजी की परीक्षा 23 जून को होना है। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए पूरे मध्य प्रदेश से सैकड़ों अभ्यर्थियों ने आवेदन पत्र जमा किए हैं। नीट पीजी की परीक्षा शुरू होने से पहले ही साइबर ठग ने अपना जाल बिछाना शुरू कर दिया है। अभ्यर्थियों के फॉर्म में लिखे वैकल्पिक और पर्सनल नंबर साइबर ठगों के हाथ लग गए हैं। साइबर ठग छात्रों और उनके अभिभावकों को फोन कॉल कर रहे हैं।