पन्ना जिले के गुनौर क्षेत्र में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत से आम लोग परेशान हैं। हालात ऐसे हैं कि एक सिलेंडर पाने के लिए उपभोक्ताओं को सुबह से ही गैस एजेंसी के बाहर लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। तपती धूप में घंटों इंतजार और अव्यवस्था के बीच स्थिति को संभालने के लिए पुलिस की मौजूदगी में गैस सिलेंडरों का वितरण कराया जा रहा है।
घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर उपभोक्ता
गुनौर स्थित गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही महिलाओं, बुजुर्गों और पुरुषों की लंबी लाइनें लग जाती हैं। लोग उम्मीद लेकर एजेंसी पहुंचते हैं कि आज उन्हें गैस सिलेंडर मिल जाएगा, लेकिन कई बार घंटों इंतजार के बाद भी कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। तेज धूप में खड़े रहने से खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही एजेंसी परिसर में छाया और पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी भी लोगों की परेशानी को बढ़ा रही है।
भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस तैनात
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस की निगरानी में ही गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है ताकि भीड़ में धक्का-मुक्की या किसी तरह का विवाद न हो। हालांकि गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण लोगों की परेशानी कम होती नजर नहीं आ रही है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गुनौर क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और एजेंसी परिसर में छाया व पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
Comments (0)