ग्वालियर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक बिजनेसमैन के घर में आग लग गई। आग लगते ही घर से घना धुआं और तेज लपटें उठने लगीं। उस समय घर के अंदर परिवार के 6 लोग मौजूद थे। इनमें से 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि जलने से बहू की मौत हो गई।
खिड़कियां तोड़कर घर में घुसी रेस्क्यू टीम
आग की सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने खिड़कियां तोड़कर घर में प्रवेश किया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। टीम ने आग बुझाने के लिए घर के अंदर से भी पानी का छिड़काव किया।
घटना में व्यापारी परिवार की बहू अंकिता अग्रवाल (पत्नी सचिन अग्रवाल) गंभीर रूप से झुलस गई थीं। पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान अंकिता की मौत हो गई।बताया जा रहा है कि मकान में व्यापारी परिवार के तीन भाई गिर्राज, दिनेश और हरिओमसाथ रहते हैं। आग लगने के समय सभी सदस्य घर में मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने भी दमकल टीम के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में मदद की।
मंत्री और विधायक भी मौके पर पहुंचे
मंत्री और विधायक भी मौके पर पहुंचे। एसपी धर्मवीर सिंह पुलिस बल के साथ स्थिति का जायजा लेने आए। क्षेत्रीय विधायक सतीश सिकरवार और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अधिकारियों से जानकारी ली।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चला
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 10 से अधिक गाड़ियां और पानी की सप्लाई के लिए टैंकर लगाए गए। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।
Comments (0)