मध्यप्रदेश विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष और अटेर से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा देने की सूचना दी है। बताया जा रहा है कि उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर यह जिम्मेदारी छोड़ने का आग्रह किया है।
परिवार और क्षेत्र को समय न दे पाने का हवाला
कटारे ने अपने इस्तीफा पत्र में लिखा है कि वे परिवार और अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। ऐसे में संगठन जिसे उचित समझे, उसे यह जिम्मेदारी सौंप सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी ने उन्हें इस पद के योग्य समझा, इसके लिए वे आभारी हैं और आगे भी संगठन को पूरा सहयोग देंगे।
वैवाहिक वर्षगांठ के दिन लिया फैसला
दिलचस्प बात यह है कि हेमंत कटारे ने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ के दिन ही इस्तीफा दिया। वे बुधवार को शाम करीब 4 बजे तक विधानसभा की कार्यवाही में शामिल रहे, इसके बाद अटेर के लिए रवाना हो गए।
20 हजार से अधिक वोटों से दर्ज की थी जीत
विधानसभा चुनाव 2023 में हेमंत कटारे ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया को 20,228 वोटों से हराया था। वे पूर्व नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के पुत्र हैं। कटारे पहली बार 2013 में अटेर सीट से विधायक बने थे। हालांकि 2018 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन 2023 में उन्होंने मजबूत वापसी की।
Comments (0)