मध्यप्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की बेटी सुरभि खंडेलवाल का बुधवार को निधन हो गया। इस खबर के सामने आते ही बैतूल समेत प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, सुरभि लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनके निधन की सूचना मिलते ही हेमंत खंडेलवाल भोपाल से तुरंत बैतूल पहुंच गए।
लंबे समय से थीं बीमार
बताया जा रहा है कि सुरभि खंडेलवाल एक स्पेशल चाइल्ड थीं और बचपन से ही स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं से जूझ रही थीं। परिवार लगातार उनका विशेष ध्यान रख रहा था और उनका नियमित इलाज भी चल रहा था। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ज्यादा खराब थी और बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
भोपाल से बैतूल पहुंचे हेमंत खंडेलवाल
बेटी के निधन की सूचना मिलते ही हेमंत खंडेलवाल तुरंत भोपाल से बैतूल के लिए रवाना हो गए। उनके बैतूल पहुंचते ही समर्थकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों का उनके निवास पर पहुंचना शुरू हो गया।
बैतूल में होगी अंतिम विदाई
सुरभि खंडेलवाल की अंतिम यात्रा शाम 5 बजे बैतूल गंज स्थित निवास से निकलेगी। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार कोठी बाजार मोक्ष धाम में किया जाएगा।
इस दुखद घटना पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित देश और प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए खंडेलवाल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।
Comments (0)