भोपाल: होली और रंगपंचमी के मद्देनज़र स्वास्थ्य विभाग ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मनीष शर्मा के निर्देश पर राजधानी के सभी शासकीय अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं संचालित रखने के आदेश जारी किए गए हैं। त्योहार के दौरान आमतौर पर त्वचा में जलन, आंखों में संक्रमण या लालिमा, सांस की दिक्कत और सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में बढ़ोतरी होती है। इन संभावित परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है।
सभी सरकारी अस्पतालों में कम से कम 10 बेड आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत भर्ती किया जा सके। संवेदनशील और प्रमुख क्षेत्रों में 108 एंबुलेंस तैनात रहेंगी, जिससे किसी भी घटना पर तत्काल सहायता उपलब्ध हो सके। इमरजेंसी स्टाफ के लिए विशेष ड्यूटी रोस्टर तैयार किया गया है। अस्पतालों में आई ड्रॉप, एंटी-एलर्जिक दवाएं, बर्न ट्रीटमेंट किट और अन्य आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित किया गया है।
डॉक्टरों की अपील
CMHO ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि रासायनिक रंगों से बचें। यदि आंखों में रंग चला जाए तो उसे रगड़ने के बजाय साफ पानी से धोएं। त्वचा, आंख या सांस से संबंधित किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत नजदीकी अस्पताल में संपर्क करें। साथ ही नशीले पदार्थों से दूर रहकर सुरक्षित और संयमित तरीके से त्योहार मनाने की सलाह दी गई है।
Comments (0)