बोर्ड परीक्षाओं के दौरान निर्धारित समय-सीमा के बाहर अवैध डीजे संचालन पर पन्ना पुलिस ने सख्त वैधानिक कार्रवाई करते हुए डीजे उपकरण एवं वाहन जब्त किया। कोलाहल (ध्वनि प्रदूषण) नियंत्रण नियमों के उल्लंघन पर आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत करीब ₹4.65 लाख बताई जा रही है।
बिना अनुमति डीजे संचालन पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशानुसार जिले में बिना सक्षम अनुमति एवं तय समय-सीमा के बाहर ध्वनि विस्तारक यंत्र/डीजे संचालन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान एवं एसडीओपी एस.पी. सिंह बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रोहित मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
डीजे सामग्री व वाहन जब्त
लवकुश मैरिज गार्डन के पास किशोरगंज मोहल्ला क्षेत्र में मुलायम सिंह सिसोदिया (25) निवासी चाँदा, थाना देवेन्द्रनगर को पिकअप वाहन क्रमांक MP35ZC7405 में बिना अनुमति अत्यधिक ध्वनि स्तर पर डीजे संचालित करते पाया गया। पुलिस ने मौके से डीजे सामग्री, जनरेटर सहित उपकरण जब्त कर वाहन को कब्जे में लिया।
अधिनियम के तहत अपराध दर्ज
आरोपी के विरुद्ध म.प्र. कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों की सुविधा एवं कानून-व्यवस्था में बाधा डालने वालों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Comments (0)