महिला रेलकर्मियों को कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल देने के लिए रेलवे बोर्ड ने नई डिजिटल पहल की है। इसके तहत ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम (HRMS) में ‘शाइन’ नाम से एक नया मॉड्यूल जोड़ा गया है। इसकी मदद से महिलाएं अपने मोबाइल फोन के जरिए यौन उत्पीड़न से जुड़ी शिकायत सीधे और गोपनीय तरीके से दर्ज कर सकेंगी।
महिला दिवस पर होगा लॉन्च
रेलवे बोर्ड इस मॉड्यूल को 8 मार्च, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर पूरे भारतीय रेलवे नेटवर्क में लॉन्च करेगा। इसके लिए सभी जोनल रेलवे को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि सिस्टम समय पर लागू किया जा सके। इस पहल का उद्देश्य महिला कर्मचारियों को सुरक्षित और भरोसेमंद शिकायत तंत्र उपलब्ध कराना है।
मोबाइल से दर्ज होगी गोपनीय शिकायत
‘शाइन’ मॉड्यूल के जरिए महिला रेलकर्मी अपने मोबाइल फोन से ही शिकायत दर्ज कर सकेंगी। यह शिकायत पूरी तरह गोपनीय रहेगी और सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचेगी। इससे महिलाओं को बिना किसी डर या दबाव के अपनी समस्या सामने रखने का अवसर मिलेगा।
केवल कर्मचारी ही नहीं, अन्य महिलाएं भी कर सकेंगी शिकायत
इस मॉड्यूल की खास बात यह है कि इसमें केवल महिला रेलकर्मी ही नहीं बल्कि रेलवे से जुड़े अन्य वर्ग भी शिकायत दर्ज कर सकेंगे। रेलवे स्कूलों की छात्राएं, रेलवे परिसरों में आने वाली महिला विजिटर, कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाली महिला कर्मचारी और मजदूर भी इस सिस्टम का उपयोग कर सकेंगी। जरूरत पड़ने पर अधिकृत अधिकारी भी किसी महिला की ओर से HRMS पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
शिकायत सीधे समिति तक पहुंचेगी
‘शाइन’ मॉड्यूल में दर्ज सभी शिकायतें सीधे संबंधित आंतरिक शिकायत समिति (ICC) तक ऑनलाइन पहुंचेंगी। शिकायत मिलने के बाद समिति मामले की जांच करेगी और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही अधिकारियों द्वारा इन मामलों की प्रगति की लगातार निगरानी भी की जाएगी।
सुरक्षित कार्यस्थल की दिशा में पहल
रेलवे बोर्ड के अनुसार यह मॉड्यूल महिलाओं के लिए सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से शिकायत दर्ज करने की सुविधा मिलने से महिला कर्मचारियों को अपनी बात रखने के लिए सशक्त मंच मिलेगा।
Comments (0)