प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
सोशल मीडिया के माध्यम से संवेदना व्यक्त
प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिए घटना पर संवेदना जताई और प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होने का संदेश दिया।
सुबह 4 बजे हुआ हादसा, शॉर्ट सर्किट से लगी आग
इंदौर में बुधवार सुबह लगभग 4 बजे एक मकान में आग भड़क गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ।
हादसे में छह लोगों की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
इस दुर्घटना में छह लोगों की जिंदा जलने से मौत हुई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
Comments (0)